स्रोत: पत्रिका

प्रभुनाथ शुक्ला

भदोही, 30 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश के भदोही से बाहुबली विधायक विजय मिश्र के बेटे विष्णु मिश्र के खिलाफ भदोही पुलिस ने लुक आउट नोटिस जारी किया है। पुलिस को आशंका है कि विष्णु मिश्र विदेश भाग गया है। जबकि विजय मिश्र सम्पति विवाद के मामले में आगरा जेल में हैं। उनकी पत्नी को जमानत मिल चुकी है।

भदोही के ज्ञानपुर से विधायक विजय मिश्र, जिला परिषद सदस्य और विधायक पत्नी रामलली मिश्रा और बेटे विष्णु मिश्र पर मकान-फर्म कब्जा करने का मुकदमा दर्ज है। विधायक और बेटे पर बलात्कार के आरोप में भी मुकदमा दर्ज हुआ है। विधायक इन मामलों में इस वक्त आगरा जेल में बंद है जबकि पत्नी को जमानत मिल गई है। वहीँ विधायक पुत्र विष्णु फरार चल रहें हैं। भदोही पुलिस को आशंका है कि विष्णु मिश्र देश से भाग सकते हैं। जिसकी आशंका के मद्देनजर पुलिस ने लुक आउट नोटिस जारी किया है।

भदोही पुलिस अधीक्षक आरबी सिंह ने इस मामले में ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन को पत्र भेजा है। विजय मिश्र और उनके परिवार पर पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है जिसकी वजह से उनकी मुश्किलें बढ़ती जा रहीं हैं।