Yogi Adityanath
Yogi adityanath

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि हम एक से डेढ़ हफ्ते के अंदर आंगनबाड़ी, आशा वर्कर सहित सभी आउटसोर्स के कर्मचारियों के न्यूनतम मानदेय लागू करेंगे। आज उन्होंने मीडिया से बात करते हुए यह बात कही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे सभी सरकारी, आउटसोर्स तथा संविदा कार्मिकों ने विगत 09 वर्षों में अथक परिश्रम किया है। प्रदेश सरकार उनके वेलफेयर के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। हमने बेसिक, माध्यमिक और उच्च शिक्षा के सभी शिक्षकों सहित शिक्षामित्रों तथा अनुदेशकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा प्रदान की है। साथ ही, शिक्षामित्र और अनुदेशकों के मानदेय को भी बढ़ाया है। सरकार प्रत्येक तबके के लिए कार्य कर रही है। हम उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम की कार्यवाही अगले एक-डेढ़ सप्ताह के अन्दर लागू करके न्यूनतम मानदेय सुनिश्चित करने जा रहे हैं। यह सरकार की प्रतिबद्धता का हिस्सा है। आंगनबाड़ी, आशा वर्कर, रसोइया, ग्राम चौकीदार को भी सम्मानजनक मानदेय प्राप्त हो और उनकी सेवाएं इसी प्रकार प्रदेश हित को संवर्धित करने के लिए कार्य करें, इसके लिए हमने सप्लीमेण्ट्री बजट का सहारा लिया है।

कांवड़ यात्रियों को दी शुभकामनाएं 

कावड़ यात्रियों के प्रति अपनी शुभकामनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि पूरे देश एवं प्रदेश में शिव भक्त हर-हर बम-बम के उत्साहपूर्ण माहौल में अपनी शिव भक्ति को निवेदित कर रहे हैं। आज सोमवार का दिन भी है। करोड़ों शिव भक्त कावड़ यात्री के रूप में पश्चिमी उत्तर प्रदेश तथा हरिद्वार के पावन धाम हर की पौड़ी में गंगाजल लेने के लिए प्रस्थान कर चुके हैं। उनकी सुरक्षा एवं स्वागत के लिए प्रशासन-स्थानीय स्वयंसेवी संगठनों, सामाजिक और व्यापारिक संगठनों, धार्मिक संगठनों ने अनेक कार्यक्रम प्रारम्भ किए हैं। हमारे सदस्यगण भी इस कार्यक्रम में प्रतिभाग करने के लिए उत्सुक हैं। उन्हें आगामी 07 अगस्त से इन कार्यक्रमों में भाग लेने का अवसर प्राप्त होगा।

9 लाख से अधिक दी नौकरी

Yogi Adityanath
Yogi Adityanath

सीएम ने कहा प्रदेश में 09 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी व रोजगार उपलब्ध कराए गए हैं। उत्तर प्रदेश सरकार की प्रत्येक भर्ती में 20 प्रतिशत से अधिक महिलाओं की भागीदारी के साथ नया कीर्तिमान स्थापित हुआ हैं। आज डबल इंजन सरकार के प्रयासों, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, सुरक्षा और अन्य कारणों से प्रदेश में निवेश के लिए बेहतर एवं अनुकूल वातावरण निर्मित हुआ है। इसके परिणामस्वरूप लाखों नौजवानों को अपने ही जनपद एवं क्षेत्र में नौकरी और रोजगार की गारण्टी मिली है। परम्परागत उद्यम को प्रोत्साहित करते हुए वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट योजना और पी0एम0 विश्वकर्मा जैसी योजनाओं के माध्यम से करोड़ों युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराये गए हैं। इनके माध्यम से युवा प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान कर रहा है।