74वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज हम उन लोगों को याद करते हैं, जिन्होंने अपना पूरा जीवन देश की आज़ादी के लिए लगा दिया। इस आज़ादी को बरकरार रखने के लिए भी लोगों ने कुर्बानियां दीं। आज भी बॉर्डर पर सैनिक हम लोगों को सुरक्षित रखे हुए हैं।
शहीदों के परिवार ने बड़ी कुर्बानी दी उसे याद कीजिये
गलवान हिंसा में शहीद हुए जवानों को याद करते हुए केजरीवाल ने कहा कि कुछ दिन पहले आपने सुना होगा चीन के साथ बॉर्डर पर हमारे 20 सैनिक शहीद हो गए। आज का दिन उनको भी याद करने का दिन है, जिन्होंने पिछले 73 सालों में आज़ादी को बरकरार रखने के लिए अपनी जान कुर्बान कर दी। उनके परिवार ने कितनी बड़ी कुर्बानी दी उसे याद कीजिये।
केजरीवाल ने की ये तीन प्रण लेने की अपील
इसके बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि इस आज़ादी को बरकरार रखने के लिए हमें भी योगदान देना होगा। हमारा फर्ज है देश की तरक्की के लिए अपना योगदान देना। अगर औपचारिक रूप से 15 अगस्त मनाएंगे तो ये ठीक नहीं होगा। आज 3 चीज़ों की दरख्वास्त करता हूं।
1. अपने जीवन मे कभी कोई भ्रष्टाचार नही करेंगे। रिश्वत लेना और देना भारत माता के साथ गद्दारी है।
2. हम ऐसा प्रण लेंगे की वायु प्रदूषण और जल प्रदूषण का हिस्सा नही बनेंगे।
3. अपने देश को साफ सुथरा रखना है।



















