नए विवादित कृषि कानून को लेकर पंजाब समेत कई जगह किसान प्रदर्शन कर रहे हैं। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी कृषि कानून के खिलाफ प्रदर्शन में हिस्सा लेने के लिए आज पंजाब पहुंच गए। राहुल गांधी ने कहा कि इन तीन कृषि कानून को लागू करने की क्या जल्दी थी। अगर कानून पास करवाना था तो लोकसभा राज्यसभा में बात करते हैं।
उन्होंने कहा कि किसानों के लिए कानून बनाए जा रहे हैं तो आपको खुलकर बात करनी चाहिए। किसान खुश है तो आंदोलन क्यों कर रहे हैं। 6 साल से नरेंद्र मोदी झूठ बोल रहे हैं। पहले नोटबंदी फिर जीएसटी और उसके बाद कोविड आया उद्योगपतियों का कर माफ किया गया, किसान का कर्ज माफ नहीं किया गया।
राहुल गांधी ने कहा कि पंजाब के किसान जिस तरह से आंदोलन कर रहे हैं उसे इसी तरह से करते रहिए। कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से आपके साथ खड़ी है। हमारी सरकार आई तो हम तीनों कानून को पूरी तरह से खत्म कर देंगे।
राहुल गांधी ने हाथरस कांड को लेकर कहा, “मैं यूपी में था, जहां एक बेटी को मार दिया गया। उसकी हत्या करने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिस घर की बेटी मारी गई उस परिवार को घर के अंदर बंद कर दिया गया। डीएम और मुख्यमंत्री ने धमकाया। ये हिंदुस्तान की हालत है। जो अपराध करता है उसके खिलाफ कुछ नहीं होता है।”