टि्वटर

शांभवी शुक्ला

रांची से मुंबई के लिए रवाना होने वाली आई5-62 एयर एशिया के विमान से पक्षी टकरा गया। हादसा विमान के उड़ान भरते वक्त हुआ। पक्षी के टकराने के बाद उड़ान रोक दी गई। विमान में कुल 147 यात्री सवार थे। सभी यात्री सुरक्षित हैं।

आपको बता दें कि 11:50 पर रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से यह विमान उड़ान भर रहा था।उसी वक्त पायलट को यह आभास हुआ कि विमान से कुछ टकरा गया है। पायलट ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाकर विमान की उड़ान को रोक दिया। इसके बाद इंजीनियर और टेक्नीशियन की टीम मौके पर पहुंचकर विमान की जांच कर रही है।

एयरलाइंस के प्रवक्ता ने यह जानकारी दी कि सभी यात्री सुरक्षित हैं।उन्होंने कहा कि कंपनी के विमान वीटी-एचकेजी का परिचालन रांची से मुंबई के लिए उड़ान संख्या आई 5-632 के तौर पर किया जा रहा था। आज शनिवार की सुबह 11:50 के समय एक पक्षी इससे टकरा गया।

बीते ही दिन केरल के कोझीकोड में हुए विमान दुर्घटना से पूरे देश में भय की स्थिति बनी हुई है। लैंडिंग के समय विमान के संतुलन बिगड़ने से वह बेकाबू हो घाटी में जा गिरा। इस घटना में दो पायलट सहित 19 लोगों की जान चली गई है। वहीं 123 लोग घायल हैं। घायलों का इलाज मल्लपुरम के अस्पताल में जारी है। इस घटना पर जांच जारी है। लेकिन इस घटना ने सभी विमान यात्रियों और उड़ान कंपनियों को सतर्क कर दिया है।