स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि अब तक कुल 8,324 लोग उपचार के बाद ठीक हो चुके हैं। इससे ठीक होने की कुल दर अब बढ़कर 25.19% हो गई है। अभी तक भारत में कुल मामलों की संख्या 33,050 है। और पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 1,718 मामलें सामने आये हैं।
कोरोना से मरने वालों में 65 प्रतिशत पुरुष:
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार अब तक हुई मौतों में यह देखा गया है कि मृत्यु दर 3.2% है, जिनमें से 65% पुरुष हैं और 35% महिलाएं हैं। उम्र के अनुसार अगर देखा जाए तो 45 साल से कम उम्र के लोगों के लिए यह 14% है; 45 – 60 वर्ष की आयु वर्ग के लिए 34.8%; 60 वर्ष से ज्यादा की उम्र वाले 51.2% की श्रेणी में आते हैं, जबकि इसमें 60-75 वर्ष के आयु वर्ग के 42% लोग हैं, 75 वर्ष से ज्यादा उम्र के 9.2% लोग हैं और ज्यादातर पहले से किसी दूसरी बीमारी से बीमार चलने वाले लोगों की दर 78% है।
किस राज्य में कब बढ़े मामले?
राज्यों/ केंद्र शासित प्रदेशों में अगर देखा जाए तो पिछले 11-20 दिन के बीच में ही मामलों की संख्या दोगुनी हुई है। मुख्यतः इनमें दिल्ली, उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, उड़ीसा, राजस्थान, तमिलनाडु और पंजाब शामिल है। वहीं पर कर्नाटक, लद्दाख, हरियाणा, उत्तराखंड और केरल में पिछले 20 से 30 दिन के बीच कोरोना संक्रमितों की संख्या दोगुनी हुई है। असम, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और हिमाचल प्रदेश जैसे राज्यों में मामलों की दोगुना होने की दर 40 दिनों से ज्यादा है।