प्रभुनाथ शुक्ला
भदोही, 26 जुलाई। यूपी के भदोही जिले में
में कोरोना संक्रमण ने गति पकड़ लिया है। अब तक इसकी चपेट में अपर जिलाधिकारी और उपजिलाधिकारी तक आ चुके हैं। रविवार को आयीं जाँच रिपोर्ट में 24 लोग पॉजिटिव मिले हैं। जिसमें जिला जेल के डिप्टी जेलर सहित 08 स्टाफ और 06 बंदी मिलाकर कुल 14 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। जिसके बाद जेल प्रशासन और कैदियों में हड़कम्प मच गया है।
जिला मुख्यालय स्थित जिला जेल के जेलर केपी सिंह ने बताया कि जेल में 14 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। जिसमे डिप्टी जेलर, सात सिपाही और छह बंदी शामिल हैं। बंदियों को कोविड केयर सेंटर में भेज दिया गया है। केपी सिंह को आज ही जिला जेल का चार्ज मिला है। वो बनारस सेंट्रल जेल से यहां आए हैं। जेल में इतनी संख्या में स्टाफ पॉजिटिव मिलने के बाद उनकी भी चिंता बढ़ गयी है। स्टाफ की जाँच रिपोर्ट आने के बाद केपी सिंह सतर्क हो गए हैं और वह अपनी भी जाँच कराएंगे।