कोरोना महामारी के चलते आज पूरा विश्व अपने घरों में कैद है। हमारे देश में भी पिछले एक माह से अधिक से लॉकडॉउन जारी है। ऐसे मुश्किल दौर में कई लोग आम जनता की मदद के लिए सामने आ रहे हैं। जो जैसे मदद कर सकता है करने का प्रयास कर रहा है। ऐसी विषम परस्थितियों में गरीब और दैनिक वेतन भोगी लोगों के लिए हालत और अधिक मुश्किल हैं। ऐसे लोगों की मदद के लिए राजधानी दिल्ली में काम करने वाली स्वयं सेवी संस्था ‘ह्यूमेनिटी सेवियर फाउंडेशन’ आगे आई है। विशेषतः ओखला क्षेत्र में काम करने वाली यह संस्था लगातार ऐसे लोगों तक भोजन व राशन सामग्री पहुंचाने का कार्य कर रही है।

ह्यूमेनिटी सेवियर फाउंडेशन के संस्थापक अज़ीम अली खान आईटी सेक्टर में काम करते हैं। लॉकडॉउन की वजह से सभी जगह काम बंद है। वे बताते हैं कि, वे और उनके साथी मिलकर लोगों के भोजन की व्यवस्था का खर्च उठा रहे हैं। इस संस्था में अज़ीम के इतर अरशद अय्यूब जो कि पेशे से अकाउंटेंट हैं, साहिल, मर्शीद, शोएब, ज़ाया आदि शामिल हैं। ह्यूमेनिटी सेवियर फाउंडेशन प्रतिदिन लगभग 200 से 250 की संख्या में लोगों के लिए सुबह और रात का भोजन उपलब्ध कराता है। संस्था का लक्ष्य है कि कोई भी गरीब व्यक्ति भूखा न सोए।
संस्था से जुड़े अरशद अय्यूब बताते हैं कि, ‘जब लॉकडॉउन शुरू हुआ तो हमें लगा कि रोज़मर्रा में काम कर खाने वाले लोगों के पास तो रोज़गार है नहीं, क्योंकि वे तो रोज़ कमाते थे और जितना कमाते थे उतना खाते थे। ऐसे में इन लोगों के लिए परेशानी बहुत हो गई इसलिए हमने सोचा कि हमें लोगों की मदद करनी चाहिए।’

संस्थापक अज़ीम बताते हैं कि, “हमने अक्टूबर 2018 में अपनी संस्था को रजिस्टर कराया था। काम हम काफी पहले से कर रहे हैं, सामाजिक मुद्दों और गरीबों की मदद के लिए काम करते हुए हमें लगा कि इसे संगठित तौर पर किया जाना चाहिए। हममें खिदमत-ए-खल्क(मानवता की सेवा) करने का जज़्बा है तो हमने सोचा कि एक स्वयं सेवी संस्था बनाई जानी चाहिए।”
वे यह भी बताते हैं कि, “संस्था के तहत गरीब बच्चों की पढ़ाई में मदद भी की जाती है। संस्था ने बच्चों को गोद लिया है जिनकी पढ़ाई का पूरा खर्च वे ही उठाते हैं। इसके इतर संस्था ने दो परिवारों को भी गोद लिया, जिनका मासिक खर्च भी संस्था उठाती है। सर्दियों में कंबल बांटने और लगभग हर माह लंगर कराने जैसे कार्य भी संस्था आयोजित कराती है।”
दिल्ली के दक्षिणी पूर्वी और मध्यवर्ती इलाकों में यह संस्था फिलहाल लोगों की मदद कर रही है। अली गांव, जे जे कॉलोनी, गड्ढा कॉलोनी, अपोलो फ्लाईओवर, जसोला, ओखला, शाहीन बाग, लाजपत नगर गढ़ी, गोविंदपुरी, जामा मस्जिद, तुर्कमान गेट, जीबी रोड, अजमेरी रोड आदि कई इलाकों में यह संस्था लोगों तक भोजन और राशन सामग्री पहुंचाने का कार्य कर रही है। संस्था को जिस भी ऐसे परिवार के बारे में पता चलता है या कोई उनतक ऐसे परिवारों के बारे में जानकारी पहुंचाता है जिन्हें आवश्यकता है और वे मजबूरी में फंसे हुए हैं, वह उन लोगों तक अपनी मदद पहुंचाने का प्रयास करती है।
मुसीबत के इस दौर में रमज़ान के पवित्र महीने की शुरूआत हुई है। ऐसे समय में कई परिवार हैं जिनके लिए यह संस्था रमज़ान किट भी उपलब्ध करा रही है। जो परिवार अपनी ज़रूरतों को पूरा करने में असमर्थ हैं, यह संस्था उन्हें 10 किलो आटा, 3 किलो प्याज़, 5 किलो चावल, 5 किलो आलू, 1/2 मसाले, 2 लीटर तेल, 1 किलो नमक, 2 किलो चीनी, 2 किलो दालें, 2 किलो बेसन, 1 पाव चायपत्ती आदि सामान पहुंचा रही है।