ट्विटर

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प को 2021 के नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नॉमिनेट किया गया है। नार्वे की संसद के फोर टर्म मेंबर और नाटो की संसदीय असेंबली के चेयरमैन क्रिश्चियन ताइब्रिंग ने ट्रम्प को इस अवॉर्ड के लिए नॉमिनेट किया है। इजरायल और यूएई के बीच ऐतिहासिक शांति वार्ता करवाने के लिए डोनाल्ड ट्रंप को नॉमिनेट किया गया है।

टाइब्रिंग ने कहा कि ट्रंप ने इस्रायल और यूएई के बीच ही समझौता नहीं कराया है, बल्कि उत्तरी कोरिया और ईरान के साथ भी शांतिपूर्ण बातचीत की अपील की है, जो सराहनीय है। उन्होंने कहा कि वैश्विक शांति स्थापित करने के लिए ट्रंप से ज्यादा प्रयास इस पुरस्कार के लिए नामित किसी अन्य सदस्य ने नहीं किए हैं। जब भी किन्ही दो देशों के बीच विवाद की स्थिति बनी तो ट्रंप ने इसे सुलझाने के लिए मध्यस्थता की पेशकश की, वही इस पुरस्कार के असली हकदार हैं।

उन्होंन ट्रंप के नामांकन के लिए लिखे गए पत्र में लिखा कि वह इस पुरस्कार की तीनों पात्रताएं पूरी करते हैं। उन्होंने अन्य देशों के साथ किसी तरह के सशस्त्र संघर्ष को बढ़ावा नहीं दिया और न ही युद्ध की पहल की। उन्होंने बातचीत के जरिए समझौते किए। ट्रंप ने मध्य पूर्व के देशों में नाटो और अमेरिकी सैनिकों की संख्या कम की है। 39 साल से अमेरिका के राष्ट्रपति या तो अमेरिका को युद्ध की स्थिति में ले जा रहे थे या अमेरिका को अंतरराष्ट्रीय सशस्त्र विवाद में उलझा रहे थे। ट्रंप ने इसे समाप्त किया है।